बस्ती जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब 21 जुलाई 2025 को सरयू तट अयोध्या से चलकर भदेश्वरधाम मंदिर (थाना कोतवाली क्षेत्र) की ओर जा रही कांवड़ यात्रा के दौरान अचानक हिंसा भड़क उठी। यह यात्रा हर वर्ष लाखों शिवभक्तों की भागीदारी में शांतिपूर्वक संपन्न होती है, लेकिन इस बार यात्रा के दौरान 15-20 की संख्या में उपद्रवी युवकों ने यात्रा को बाधित कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया।
हिंसा की पूरी कहानी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम 4 बजे से 8 बजे के बीच जब कांवड़ यात्रा नगर पंचायत कप्तानगंज से होकर गुजर रही थी, उसी दौरान कुछ युवक जो कांवड़ वेश में थे, उन्होंने पूर्व में हुई एक चोरी और विवाद की घटना की आड़ में जानबूझकर नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। गाली-गलौज, उत्तेजक नारेबाजी करते हुए ये लोग ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला करने लगे। साथ ही आसपास की दुकानों पर भी तोड़फोड़ और पथराव किया गया।

पुलिस और सरकारी संपत्ति पर हमला
उपद्रवियों ने पुलिस के स्लाइडिंग बैरियर, पोस्टर, होर्डिंग आदि को नष्ट कर दिया और आगजनी की घटनाएं भी कीं। कई पुलिसकर्मी और आम नागरिक इस हिंसा की चपेट में आ गए। पुलिस की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया और कुछ को आग लगाने की कोशिश की गई।
अस्पताल ले जा रही एम्बुलेंस भी फंसी
हिंसा के कारण आम नागरिक, राहगीर, दुकानदार, महिलाएं और बच्चे भय के माहौल में घरों में छिपने को मजबूर हो गए। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। यहां तक कि मरीजों को लेकर जा रही एम्बुलेंस भी फंस गई।
कांवड़ यात्रा घंटों तक रही बाधित
करीब 4 घंटे तक कांवड़ यात्रा और अन्य सामान्य यातायात पूरी तरह ठप रहा। हजारों श्रद्धालु फंसे रहे। मौके पर अग्निशमन वाहन पहुंचने के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। उच्चाधिकारीगण ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यात्रा को शांतिपूर्वक गंतव्य की ओर रवाना कराया।

मुख्य आरोपी की पहचान
घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष सुनील गौड़ के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों, दुकानदारों, पुलिस मित्रों व वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से जांच की। जांच में पता चला कि इस उपद्रव की अगुवाई सर्वेश यादव उर्फ राहुल यादव पुत्र द्वारिका प्रसाद यादव, निवासी ग्राम तुर्कवलिया बड़की करमहिया, थाना सोनहा, जनपद बस्ती, ने की थी। उसके साथ 15-20 अज्ञात युवक भी शामिल थे।
आरोप
इन युवकों पर आरोप है कि उन्होंने पूर्व विवाद की आड़ में कांवड़ यात्रा को बदनाम करने, धार्मिक उन्माद फैलाने, शासन-प्रशासन के खिलाफ माहौल बनाने और सरकारी कर्मियों पर जानलेवा हमले की नीयत से यह हिंसा की।
पुलिस कार्रवाई जारी
घटना के संबंध में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।















