बस्ती, 30 सितम्बर 2025।
जनपद बस्ती के थाना कलवारी क्षेत्र के ग्राम बैड़ारी मुस्तहकम निवासी राम सागर पुत्र राम रतन ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि गाँव के ही परमात्मा पुत्र गया से जमीन विवाद को लेकर थाना समाधान दिवस पर पहुँचे थे। इसी बीच थाने के चौकी इंचार्ज पर युवक को बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है।
प्रार्थी का कहना है कि 27 सितम्बर 2025 को दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। उसी दौरान परमात्मा ने गाँव में धमकी दी थी कि दरोगा को पैसे देकर सागर की ज़िंदगी बर्बाद करवा दूँगा। आरोप है कि थाना परिसर में चौकी इंचार्ज राममणि उपाध्याय ने युवक को अलग कमरे में बुलाकर जूते से लात-घूँसे मारे और सीने पर चढ़कर कहा – “आज साले को मार डालेंगे।”
मारपीट के दौरान पीड़ित बेहोश हो गया। आरोप है कि दरोगा के कहने पर दो सिपाहियों ने बाहर लाकर पानी पिलाया, लेकिन चाय पीते ही खून की उल्टी हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना को कई लोगों ने देखा।
इसके बाद घायल राम सागर को ऑटो (टेम्पो) से कैली अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने इलाज कर एक्स-रे कराने की सलाह दी। 29 सितम्बर को हुए एक्स-रे में सीने में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई और डॉक्टर ने तीन महीने तक दवा लेने की हिदायत दी।
पीड़ित का आरोप है कि घटना थाने के सीसीटीवी कैमरे में दर्ज है, लेकिन पुलिस फुटेज मिटाने की साजिश कर सकती है।
राम सागर ने दोषी पुलिसकर्मी और विवादित पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की माँग की है।















