बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। लालगंज थाना क्षेत्र के सेल्हरा निवासी तपस्यानन्द उर्फ श्याम चन्द्र (पुत्र रामनारायन चौधरी) ने बुधवार को डीआईजी और पुलिस अधीक्षक को पत्र सौंपकर कथित बाबा दयानन्द के खिलाफ जांच और गिरफ्तारी की मांग की है।
पहचान बदलकर प्रशासन को धोखा देने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, हत्या के मामले में सजायाफ्ता दयानन्द पुत्र संत कुमार ने अलग-अलग स्थानों पर अपनी पहचान बदलकर खुद को स्वामी सच्चिदानन्द और प्रशान्त कुमार के रूप में प्रस्तुत किया। आरोप है कि इस तरीके से उसने न्यायालय और प्रशासन को गुमराह किया।
मृत घोषित कर मुकदमे से बचने का आरोप
पत्र में यह भी कहा गया है कि दयानन्द, जो मुरादाबाद जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा था, उसने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र दाखिल कर खुद को मृत घोषित करा लिया और मुकदमे से बचकर बाहर घूम रहा है।
तत्काल कार्रवाई की मांग
तपस्यानन्द उर्फ श्याम चन्द्र ने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि कथित बाबा सच्चिदानन्द उर्फ दयानन्द उर्फ प्रशान्त कुमार (निवासी सतलोक आश्रम, मूडघाट बाईपास, पटवा धर्मकांटा के सामने, थाना कोतवाली, जिला बस्ती) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही, उन्होंने अनुभवानन्द उर्फ अशोक कुमार (पुत्र बाबूलाल, निवासी चनवापुर, थाना दुबौलिया, जिला बस्ती) की भी खोज कराए जाने की मांग की है।
पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की अपेक्षा
शिकायतकर्ता ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और शीघ्र कार्रवाई की अपील की है। अब इस पूरे मामले पर पुलिस प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।













