पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में तेज बारिश का दौर जारी है। पंजाब के सभी 23 जिलों में बुधवार को भी बाढ़ जैसे हालात हैं। इसके चलते राज्य सरकार ने पंजाब को आपदा प्रभावित स्टेट घोषित कर दिया। पंजाब में 1200 से ज्यादा गांवों में पानी भरा है। अब तक 30 लोगों की मौत हुई है और 3 लोग लापता हैं। राज्य के स्कूल-कॉलेज 7 सितंबर तक बंद रहेंगे।
हरियाणा में झज्जर, हिसार, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला के कई हिस्सों में 3-5 फीट तक पानी भरा है। यहां के 200 से ज्यादा स्कूल बंद हैं। अंबाला में हालात बदतर हैं। यहां सैकड़ों घरों में 2-4 फीट पानी भरा हुआ है। 200 से ज्यादा स्कूल बंद हैं।
हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से 67 घंटे से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। इसके कारण दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान (205 मीटर) के ऊपर 206.80 मीटर पर बह रही है। नदी के पास बना लोहे का पुल बंद किया गया है।
यमुना बाजार-तिब्बती बाजार, मॉनेस्ट्री मार्केट में पानी भरा है। निचले इलाकों से 10 हजार लोगों को रेस्क्यू किया गया है। दिल्ली में स्कूल बंद रखे गए हैं। ऑनलाइन क्लास जारी हैं।हिमाचल में 1300 सड़कें बंद, यूपी के 20 शहरों में तेज बारिश
मध्य प्रदेश में अब तक 970.28mm बारिश हो चुकी है, जो सीजन की 104% है, जबकि अब तक 800.1mm बारिश होनी थी। प्रदेश की सामान्य बारिश औसत 939.8mm है। पिछले मानसूनी सीजन में औसत 1117.6mm बारिश हुई थी।


उत्तर प्रदेश के नोएडा में यमुना के जलस्तर के बढ़ने से 1000 फार्महाउस में पानी भर गया है। यहां पानी में फंसे लोगों को रेस्क्यू कर बचाया गया। मथुरा में बाढ़ से करीब 900 परिवार प्रभावित हैं। आगरा में यमुना का पानी ताजमहल की बाउंड्री तक पहुंच गया। शहर के कई घाट और 8 श्मशान घाट पानी में डूब गए।

हिमाचल प्रदेश में 1300 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। पिछले 24 घंटे में 11 लोगों की मकान गिरने और लैंडस्लाइड में मौत हुई। आज सुबह कुल्लू में लैंडस्लाइड में 2 लोगों की मौत हो गई। कल शाम मंडी के सुंदरनगर में दो घरों पर लैंडस्लाइड हुई थी। हादसे में मरने वालों की संख्या 7 हो गई है। मलबे से 4 शव आज निकाले गए हैं। राज्य के 7 जिलों में स्कूल-कॉलेजों को बंद रखा गया है।

news xprees live