उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक अफवाह से तनाव की स्थिति बन गई। लालगंज थाना क्षेत्र के रघऊपुर गांव में बुधवार दोपहर को बोलेरो में सवार पांच साधुओं को ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझ लिया। ग्रामीणों ने साधुओं की गाड़ी को रोक लिया और मारो-मारो का शोर मचाने लगे।
कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई। स्थिति को बिगड़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष संजय कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पांचों साधुओं को भीड़ से बचाकर थाने ले आए। पुलिस ने देर शाम तक साधुओं से पूछताछ की।
जांच में सामने आया कि ये सभी साधु नाथ संप्रदाय के जूना अखाड़े से जुड़े हुए हैं। वे एक धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए उस मार्ग से गुजर रहे थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि ग्रामीणों को गलतफहमी हो गई थी। साधुओं के पास से कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने सभी साधुओं को सम्मानपूर्वक छोड़ दिया।
news xpress live















