
बस्ती में स्कूल मर्जर के विरोध में समाजवादी पार्टी ने एक अनोखी पहल शुरू की है। पुरानी बस्ती में पीडीए (प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक अलायंस) की पाठशाला के रूप में यह पहल सामने आई है। इस पाठशाला में एक हफ्ते से 20 से अधिक बच्चे नियमित रूप से पढ़ाई कर रहे हैं।
पाठशाला में बच्चे अंग्रेजी की बुनियादी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। वे ‘ए से एप्पल’ और ‘बी से ब्वॉय’ जैसी प्रारंभिक अवधारणाएं सीख रहे हैं। पढ़ाई के बाद बच्चों को मिठाई और टॉफी भी दी जाती है।
इस पाठशाला का संचालन मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव आमिश खान कर रहे हैं। आमिश खान ने बताया कि वे बीएससी और टेक्निकल डिप्लोमा धारक हैं। उन्होंने कहा, “योगी सरकार का कम बच्चों वाले प्राइमरी स्कूलों को मर्ज करने का आदेश तानाशाही है। इसके विरोध में हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर पूरे प्रदेश में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पीडीए की पाठशालाएं चला रहे हैं।”
आमिश खान ने यह भी कहा कि अगर राष्ट्रीय अध्यक्ष का आदेश हुआ तो वे आजीवन निःशुल्क यह पाठशाला चलाते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार माने या न माने, यह पाठशाला निरंतर चलती रहेगी। पाठशाला में पढ़ने वाली एक छात्रा अलीशा ने बताया कि वह रोज यहां पढ़ने आती है। जब उससे अंग्रेजी वर्णमाला सुनाने को कहा गया, तो उसने अपने अंदाज में ए, बी, सी, डी सुनाई। अन्य कई बच्चों ने भी गिनती सुनाकर अपनी प्रगति दिखाई।
news xprees live















