दीपावली के पंच दिवसीय महापर्व की श्रृंखला के महत्वपूर्ण पर्व गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की।
गोपूजन के बाद मुख्यमंत्री ने गोसेवा की और प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गोवंश भारत की समृद्धि का आधार रहा है। सरकार गो-संरक्षण और संवर्धन के लिए कई योजनाओं के जरिये सतत प्रयास कर रही है।
उन्होंने इन योजनाओं से जुड़ने की अपील की। दीपावली के दिन से ही गोरखपुर प्रवास कर रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गो-पूजन का अनुष्ठान किया। गायों और गोवंश को माला पहनाई, तिलक लगाया और गोमाता का आशीर्वाद लेकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।












