बस्ती में सोमवार को पुलिस भर्ती परीक्षा दो पाली में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। यह परीक्षा जिले के 17 निर्धारित केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की गई। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पहली पाली की परीक्षा के लिए कुल 6048 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 4779 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 1269 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में कुल 6,048 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 4,840 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,208 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरे समय सतर्क रहा। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले सघन जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा और सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया गया। एपीएन डिग्री कॉलेज, सक्सेरिया इंटर कॉलेज और महिला महाविद्यालय सहित कुल 17 शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था।

जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना ने अपने निरीक्षण के दौरान केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा संचालन संबंधी जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
प्रशासनिक अधिकारियों की कड़ी निगरानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के कारण पहली पाली की यह परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।












