प्रयागराज: आप वेज भोजन पसंद करते हैं अथवा नॉनवेज, इसकी जानकारी जनगणना के दौरान देनी होगी।
शाकाहार में दाल अथवा सब्जी का उपयोग परिवार में ज्यादा होती है और सब्जी में कौन सी ज्यादा खाई जाती है, इसका भी उल्लेख किया जाएगा। इसके अलावा परिवार में कितने सदस्यों के पास एक अथवा इससे ज्यादा मोबाइल नंबर हैं, किस कंपनी का मोबाइल प्रयोग करते हैं, परिवार में कितने लैपटॉप अथवा टैबलेट हैं, इसकी जानकारी देनी होगी।
इंटरनेट का प्रयोग मोबाइल नेटवर्क से करते हैं अथवा वाई-फाई लगा है। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि मोबाइल नंबर केवल जनगणना संबंधी सूचनाओं के लिए ही मांगा जाएगा। जनगणना में इस बार सिर्फ परिवार के सदस्यों की गिनती नहीं होगी, बल्कि आपके घर में कौन सी गाड़ियां हैं, आप कौन सा अनाज खाते हैं और इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं या नहीं, यह भी पूछा जाएगा। आपकी जीवनशैली और सुविधाओं का भी पूरा ब्यौरा दर्ज किया जाएगा।
आपके घर में कौन व कितनी गाड़ियां हैं। दोपहिया, तीन पहिया अथवा चार पहिया सबकी जानकारी ली जाएगी। घर की छत और दीवार किस सामग्री से बनी है, पीने के पानी और शौचालय की क्या व्यवस्था है, से लेकर मकान के फर्श में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री टाइल्स आदि की भी जानकारी देनी होगी। छत में फाल सीलिंग है अथवा नहीं, दीवार पेंट है अथवा बेस बनाकर पेंट है, ये भी बताना होगा।
परिवार में सामान्यतः रहने वाले व्यक्तियों की कुल संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, क्या परिवार का मुखिया अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य से संबंधित हैं। मकान के स्वामित्व की स्थिति (विवाद होगा तो उसका भी उल्लेख), परिवार के पास रहने के लिए उपलब्ध कमरों की संख्या, परिवार में रहने वाले शादीशुदा लोगों की संख्या,पेयजल का मुख्य स्रोत, पेयजल स्रोत की उपलब्धता, प्रकाश का मुख्य स्रोत, शौचालय की सुलभता, शौचालय का प्रकार, गंदे पानी की निकासी, स्नानगृह की उपलब्धता, रसोई घर और एलपीजी-पीएनजी कनेक्शन की उपलब्धता, खाना पकाने के लिए प्रयुक्त मुख्य ईंधन, रेडियो-टीवी की जानकारी दी जाएगी। जनगणना को लेकर जब गणनक घर-घर जाएंगे तो कुल 33 बिंदुओं पर जानकारी लेंगे। लोग घर पर जाने वाले गणनकों का सहयोग करें। ये सभी जानकारी सिर्फ जनगणना के लिए ही होगी।- विनीता सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व।












