बस्ती। जिले के प्रसिद्ध संत एवं पैड़ा धाम के महंत “पैड़ा वाले बाबा” ने अपनी पदयात्रा पूरी करते हुए मध्य प्रदेश स्थित बागेश्वर धाम पहुंचकर कथा वाचक पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पैड़ा वाले बाबा ने पैड़ा धाम से बागेश्वर धाम तक की यात्रा पैदल तय की। बागेश्वर धाम पहुंचने पर उन्होंने पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा विभिन्न धार्मिक और सामाजिक विषयों पर चर्चा की। मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस दौरान बस्ती जनपद में धार्मिक कथा आयोजन को लेकर भी चर्चा हुई। श्रद्धालुओं के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि आने वाले समय में बस्ती में भी किसी बड़े धार्मिक आयोजन या कथा कार्यक्रम का आयोजन हो सकता है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
पैड़ा वाले बाबा की इस पदयात्रा को श्रद्धालु आध्यात्मिक संकल्प और आस्था का प्रतीक मान रहे हैं। वहीं, बागेश्वर धाम में उनकी उपस्थिति और धीरेन्द्र शास्त्री से हुई मुलाकात क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
स्थानीय श्रद्धालुओं का कहना है कि यदि बस्ती में कथा का आयोजन होता है तो यह जनपद के लिए एक बड़ा धार्मिक आयोजन साबित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।











