श्री अमरनाथ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित बनाने के लिए 400 सीसीटीवी कैमरे, अत्याधुनिक फेस रिकग्निशन कैमरे और संवेदनशील स्थानों पर 28 वॉच टावर स्थापित किए गए हैं।
अनंतनाग के एसएसपी अमोद नागपुरे ने कहा कि दक्षिण कश्मीर में यात्रा मार्ग पर अगले चंद दिनों में सभी सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग और आधार शिविरों में 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरे, फेस रिकग्निशन तकनीक, ऊंचे बंकर और विशेष सुरक्षा इकाइयां तैनात की गई हैं।
उन्होंने बताया कि फेस रिकग्निशन तकनीक वाले कैमरे बीते वर्ष पहली बार इस्तेमाल किए गए थे, इस बार पहले से कहीं ज्यादा उन्न्त हैं और उनके डेटा बेस में भी बढ़ोतरी की गई है।
ये कैमरे चेहरे का एक डिजिटल नक्शा बनाकर उसे पहले से मौजूद डेटाबेस से मिलाते हैं। इससे असामाजिक तत्वों की पहचान संभव होती है।
यात्रा मार्ग पर चिन्हित स्थानों पर शॉर्प शूटर तैनात किए जा रहे हैं और वाच टावर की संख्या भी बढ़ाई गई है। विभिन्न स्थानों पर माक ड्रिल आयोजित की जा रही हैं।
यात्रा मार्ग और आधार शिविरों पर रेहडी-फड़ी वाले हों या अन्य सेवा प्रदाता, वही पहुंच पाएंगे, जिनके पास क्यूआर कोड आधारित पहचान-पत्र होगा।










