बस्ती। पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में मिशन शक्ति केंद्र, थाना कोतवाली की सराहनीय पहल से एक बिछड़े दंपति का रिश्ता फिर से जुड़ गया। वर्षों से चल रहे पारिवारिक विवाद का समाधान कर दोनों को आपसी सहमति से साथ रहने के लिए प्रेरित किया गया।
जानकारी के अनुसार, प्रीति गौड़ निवासी खैराहवा, बस्ती एवं विकास दीप कश्यप निवासी आलमबाग, लखनऊ के बीच लंबे समय से पारिवारिक मतभेद चल रहे थे, जिसके कारण दोनों अलग-अलग रह रहे थे। मामले को मिशन शक्ति केंद्र द्वारा गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों की कई चरणों में काउंसलिंग की गई।
महिला उपनिरीक्षक अनुपम त्यागी, महिला आरक्षी पूजा पाठक एवं फूलमती के अथक प्रयासों और समझाइश के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी मतभेद दूर हुए। काउंसलिंग के दौरान संवाद और समझदारी के माध्यम से दोनों को रिश्ते के महत्व का एहसास कराया गया।
अंततः पति-पत्नी ने आपसी सहमति से एक साथ रहने का निर्णय लिया और राजी-खुशी अपने नए जीवन की शुरुआत करने के लिए रवाना हुए। इस सफल पहल से न केवल एक परिवार टूटने से बच गया, बल्कि आमजन में पुलिस की सकारात्मक छवि और विश्वास भी मजबूत हुआ।
मिशन शक्ति केंद्र की यह पहल इस बात का उदाहरण है कि संवाद, समझदारी और सही मार्गदर्शन से कई रिश्तों को टूटने से बचाया जा सकता है।










