बस्ती। सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और जनजागरण के उद्देश्य से बस्ती से बागेश्वर धाम के लिए निकाली गई सनातन संकल्प यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इस संबंध में गोविंद दास उर्फ पैड़ा वाले बाबा ने प्रेस वार्ता कर यात्रा की विस्तृत जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि बस्ती से बागेश्वर धाम तक की लगभग 600 किलोमीटर लंबी यात्रा उन्होंने नंगे पांव पूरी की। कई महीनों तक चले इस कठिन और आध्यात्मिक सफर के बाद वे बागेश्वर धाम पहुंचे और बागेश्वर धाम सरकार के चरणों में अपनी हाजिरी लगाई।
बागेश्वर धाम पहुंचने पर प्रसिद्ध कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पैड़ा वाले बाबा का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान दोनों संतों के बीच सनातन धर्म, धार्मिक जागरण एवं समाज में आध्यात्मिक मूल्यों के प्रसार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
पैड़ा वाले बाबा ने बताया कि यह यात्रा सनातन धर्म के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने तथा धार्मिक एकता का संदेश देने के उद्देश्य से निकाली गई थी, जो पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी रही। बागेश्वर धाम में दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद उन्होंने इसे अपनी आध्यात्मिक साधना की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
प्रेस वार्ता में उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भविष्य में बस्ती आने का आश्वासन दिया है। उन्होंने फरवरी या मार्च 2027 में बस्ती में कथा आयोजन के लिए सहमति भी जताई है। इस घोषणा के बाद जिले के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
पैड़ा वाले बाबा ने इस उपलब्धि को सनातन धर्म की विजय तथा श्रद्धालुओं के प्रेम और आशीर्वाद का परिणाम बताया। वहीं, बागेश्वर धाम से वापस लौटने पर श्रद्धालुओं और समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया।











