बस्ती। विकास खंड बनकटी में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का समापन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
समापन समारोह में निवर्तमान विधायक रवि सोनकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा कर्मचारियों की मौजूदगी रही। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।
मेले में स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत, कृषि एवं अन्य विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं के बारे में जागरूक किया। स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
समापन अवसर पर ब्लॉक के अधिकारी, कर्मचारी, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना रहा।











