बस्ती जनपद में हत्या की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के बैरिहवा धोबी टोला का है, जहां कथित प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान शिव कुमार कन्नौजिया के रूप में हुई है। आरोप है कि पत्नी के कथित अवैध संबंधों का विरोध करना शिव कुमार को भारी पड़ गया। इसी बात को लेकर रोहन उर्फ अंशुल श्रीवास्तव और शिव कुमार के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने लाठी-डंडों से शिव कुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिव कुमार को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए। क्षेत्राधिकारी (सिटी) सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी रोहन उर्फ अंशुल श्रीवास्तव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।











