बस्ती में छात्रों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी, अग्निशमन विभाग तथा डीआईओएस की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और मूलभूत सुविधाओं की कमी सामने आई।
निरीक्षण में पाया गया कि कुछ कोचिंग संस्थान दूसरे जिलों से संचालित हो रहे हैं और उनके मानकों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लक्ष्य एकेडमी में अग्निशमन यंत्रों की वैधता अवधि समाप्त मिली, जबकि प्रवेश और निकास मार्गों की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। संकरे गलियारों में कक्षाएं संचालित होने पर अधिकारियों ने आपत्ति जताई।
वहीं आवास विकास स्थित मोमेंटम कोचिंग में भी सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जांच के दौरान कई कमरों के अनुपात में अग्निशमन उपकरणों की संख्या बेहद कम पाई गई। अधिकारियों ने सभी कक्षों में पर्याप्त फायर सेफ्टी उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि कई कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरणों के संचालन की जानकारी नहीं थी, जिस पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। इसके अलावा लक्ष्य एकेडमी में शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर भी सवाल उठाए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों को तत्काल आवश्यक सुधार करने होंगे। निर्धारित समय में कमियां दूर न किए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।












