भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग-2025 फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। नीरज ने सिलेसिया चरण के बाद फाइनल टेबल में 15 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में 27 और 28 अगस्त को होने जा रहे मुकाबले के लिए क्वालिफाई किया।
27 साल के नीरज ने 16 अगस्त को पोलैंड के सिलेसिया राउंड में हिस्सा नहीं लिया था। हालांकि, उन्होंने मई में दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर का करियर बेस्ट थ्रो फेंका और दूसरे स्थान पर रहे। फिर नीरज ने जून में पेरिस डायमंड लीग में 88.16 मीटर का थ्रो कर पहला स्थान हासिल किया।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के एक अधिकारी ने दैनिक भास्कर को बताया- ‘अभी तक की जानकारी के अनुसार नीरज पूरी तरह फिट हैं और वे डायमंड लीग फाइनल में हिस्सा लेंगे।’ फिलहाल, नीरज चोपड़ा चेक रिपब्लिक में ट्रेनिंग कर रहे हैं।क्या है डायमंड लीग?
डायमंग लीग एथलेटिक्स (ट्रैक और फील्ड) का एक टूर्नामेंट है, जिसमें एथलेटिक्स के 16 इवेंट (मेंस और विमेंस) होते हैं। यह हर साल दुनिया के अलग-अलग शहरों में आयोजित किया जाता है।
डायमंड लीग एथलेटिक्स सीरीज हर साल मई से सितंबर तक आयोजित की जाती है और सीजन का समापन डायमंड लीग फाइनल के साथ होता है। आमतौर पर डायमंड लीग के सीजन में प्रतियोगिताओं की संख्या 14 होती है, जिसमें फाइनल भी शामिल होता है, लेकिन कभी-कभी यह संख्या बदल जाती है।
हर इवेंट में टॉप-8 खिलाड़ियों को पॉइंट्स मिलते हैं, पहले नंबर के खिलाड़ी को 8 और 8वें नंबर के खिलाड़ी को एक पॉइंट मिलता है। 13 इवेंट के बाद सभी खिलाड़ियों के पॉइंट्स काउंट होते हैं। टॉप-10 पोजिशन पर फिनिश करने वाले खिलाड़ियों को डायमंड लीग फाइनल में जगह मिलती है। इसमें जीतने वाले खिलाड़ी को डायमंड लीग विजेता की ट्रॉफी और कैश प्राइज मिलता है।
news xprees live












