यूपी के गोरखपुर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जहाँ पुलिस ट्रेनिंग ले रहीं महिला रिक्रूट्स ने बाथरूम में कैमरा होने और खराब व्यवस्था को लेकर जमकर हंगामा किया। मामला अब राजनीतिक तूल भी पकड़ चुका है।
गोरखपुर के बिछिया स्थित 26वीं वाहिनी पीएसी में 600 महिला रिक्रूट्स की ट्रेनिंग चल रही है। बुधवार सुबह करीब 8 बजे सभी महिला रिक्रूट्स अचानक गेट के बाहर आकर प्रदर्शन करने लगीं।
महिला रिक्रूट्स की प्रमुख शिकायतें
- न पीने के लिए साफ पानी
- नियमित बिजली आपूर्ति नहीं
- सुरक्षित बाथरूम की व्यवस्था नहीं
- खुले में नहाना पड़ता है
- अफसरों द्वारा अपमानजनक भाषा का प्रयोग
प्रदर्शन के दौरान कई महिलाएं रोती हुई दिखीं और वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें वे सुरक्षा और सम्मान की गुहार लगाती नजर आ रही हैं।
प्रशासन की प्रतिक्रिया और कार्रवाई
सूचना मिलते ही ट्रेनिंग स्कूल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रही महिलाओं को समझाकर परिसर के अंदर भेजा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीएसी के आईजी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने सफाई दी कि “कैमरे लगाए जाने के आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं।” हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि एक अधिकारी ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था, जिसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
डॉ. सिंह ने कहा कि, “बिजली और पानी की समस्या तकनीकी कारणों से हुई थी, जिसे अब ठीक कर दिया गया है। हम महिला रिक्रूट्स के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल सुनिश्चित करने को प्रतिबद्ध हैं।












