बस्ती उ.प्र:
फुटहिया बस्ती में आगामी 21 और 22 जुलाई को आयोजित होने वाले भव्य धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एसपी बस्ती ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं में पाई गई कमियों को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
यह भव्य आयोजन ‘मां शांति सेवा संस्थान’ की ओर से किया जा रहा है, जिसकी अध्यक्षता कर रहे हैं तेज प्रताप सिंह उर्फ सुड्डू भैया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा से एसपी को अवगत कराया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक सहयोग की सराहना की।
इस आयोजन की खास बात यह है कि –
21 जुलाई को भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह अपने भजनों से भोलेनाथ के भक्तों को झूमने पर मजबूर कर देंगे।
22 जुलाई को भोजपुरी फिल्मों के दिग्गज अभिनेता व उत्तर-पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी अपने सुरों से माहौल को भक्तिमय बना देंगे।
तेज प्रताप सिंह उर्फ सुड्डू भैया ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि कार्यक्रम में आने वाले करीब डेढ़ लाख कांवड़ियों के लिए विशाल भंडारे की भी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस प्रशासन का भरपूर सहयोग इस आयोजन को सफल बनाने में हमेशा मिलता रहा है।
कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों और शिवभक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए दिन-रात मेहनत जारी है।














