बस्ती। बस्ती जनपद में स्थित पैडा धाम इन दिनों पूरे पूर्वांचल में आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है। बस्ती मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर बस्ती–रुधौली मार्ग पर स्थित पैडा गांव में बने इस धाम में हर रविवार को विशेष दरबार लगता है, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु अपनी अर्जी लेकर पहुंचते हैं।
बाल जी सरकार के सेवक गोविंद जी महाराज के अनुसार यहां आने वाले भक्त अपनी समस्याओं, बीमारियों और परेशानियों से मुक्ति के लिए बाबा के दरबार में प्रार्थना करते हैं और उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की मान्यता है कि यहां हनुमान जी की विशेष कृपा का वास है।
पैडा धाम में न सिर्फ बस्ती जिले के लोग आते हैं बल्कि गोरखपुर, खलीलाबाद, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर सहित नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। भक्तों का कहना है कि यहां की दिव्य शक्ति और वातावरण से समस्याओं का समाधान होता है।
धाम की सबसे खास बात यह है कि हिंदू समुदाय के साथ-साथ मुस्लिम समुदाय के लोग भी यहां आस्था के साथ आते हैं। बाबा के दरबार में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता।
स्थानीय लोगों के अनुसार जिस भक्त की अर्जी स्वीकार होती है, उसकी समस्या का समाधान माना जाता है और उसे बाबा की विशेष कृपा प्राप्त होती है। धीरे-धीरे पैडा धाम का नाम गांव से निकलकर पूरे क्षेत्र में फैल गया है और आज यह स्थान श्रद्धा और सद्भाव का प्रतीक बन गया है।












