2024 में फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच स्थित गोल्फ कोर्स पर डोनाल्ड ट्रंप की हत्या के प्रयास के मामले में दोषी रयान राउथ को संघीय अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है।
अमेरिकी जिला न्यायाधीश एलीन कैनन ने बुधवार को यह सजा सुनाते हुए राउथ के कृत्य को “सोचा-समझा और घिनौना” करार दिया। न्यायाधीश ने स्पष्ट किया कि राउथ अपने इरादे को अंजाम देने के बेहद करीब पहुंच गया था।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, उसे कुल पांच मामलों में दोषी पाया गया। सितंबर 2024 में ट्रंप जब चुनाव प्रचार के दौरान गोल्फ खेल रहे थे, तब राउथ ने स्नाइपर पोजीशन ले ली थी।
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने समय रहते उसे देख लिया और फायरिंग कर साजिश को नाकाम कर दिया। आजीवन कारावास के साथ-साथ, राउथ को हिंसक अपराध के दौरान हथियार रखने के लिए 84 महीने, संघीय अधिकारी पर हमले के लिए 240 महीने और अन्य हथियारों से संबंधित अपराधों के लिए भी सजा सुनाई गई है।














