योग जागरूकता पखवाड़ा के तहत हुआ योग प्रोटोकॉल अभ्यास, 21 जून को हरि मैरेज हॉल में होगा भव्य योग समारोह
बस्ती, 18 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे योग जागरूकता पखवाड़ा के अंतर्गत गुरुवार को बहुउद्देशीय हाल, राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती में योग का प्रेरणादायक एवं अनुशासित दृश्य देखने को मिला। योग साधकों ने पूरे उत्साह, मनोयोग और समर्पण के साथ योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया। कार्यक्रम का आयोजन भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति एवं इंडियन योग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
इस अवसर पर पतंजलि योग समिति बस्ती के संरक्षक डॉ. प्रवेश कुमार तथा योगाचार्य गरुड़ ध्वज पाण्डेय ने उपस्थित साधकों को योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया।

उन्होंने कहा कि प्रकृति हमें निरंतर कर्मशील और सक्रिय रहने की प्रेरणा देती है। योगाभ्यास साधकों के दृढ़ संकल्प और आत्मानुशासन का प्रतीक है। योग केवल अनुकूल परिस्थितियों का विषय नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित, स्वस्थ और सकारात्मक बनाने की जीवन पद्धति है।
कार्यक्रम के दौरान पतंजलि प्रभारी सुभाष चंद्र आर्य एवं भारत स्वाभिमान समिति बस्ती के जिला प्रभारी ओम प्रकाश आर्य ने आगामी 19,20,21 जून को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मालवीय रोड स्थित श्री हरि मैरेज हॉल में भव्य एवं ऐतिहासिक योग समारोह आयोजित किया जाएगा। योग स्थल को पर्यावरण शोधक औषधीय हवन सामग्री के यज्ञ से सुवासित किया जाएगा। जिससे सभी साधकों को शुद्ध वायु प्राप्त हो।
इसके लिए जनपद स्तर पर व्यापक तैयारियां चल रही हैं तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है।
इंडियन योग एसोसिएशन उत्तर प्रदेश चैप्टर के पूर्वी जोन अध्यक्ष डॉ. नवीन सिंह ने योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अव्यवस्थित जीवनशैली तथा विभिन्न स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी समाधान बनकर उभरा है। योग शरीर, मन और आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित कर व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान एवं आत्मनिर्भर बनाता है। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में योग शिक्षक जवाहर लाल रिजवी, राम अचल चौरसिया, जवाहर यादव, दीनानाथ शुक्ल, प्रमोद गुप्ता, आर्य राय, आर्यन चौधरी, राधे गुप्ता, रंजना त्रिपाठी, सुनीता राजपूत, फूलपरी, शशि यादव, उर्मिला चौधरी, शशि श्रीवास्तव, साधना पाण्डेय एवं मंजूषलता पाल सहित बड़ी संख्या में योग साधक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
गरुण ध्वज पाण्डेय









