बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के माली टोला निवासी सायमा खातून ने आरोप लगाया है कि न्यायालय में विचाराधीन एक मुकदमे में सुलह करने के लिए कुछ दबंग किस्म के लोग लगातार उन पर दबाव बना रहे हैं। पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है।
सायमा खातून के अनुसार, आरोपितों द्वारा उन्हें बाल पकड़कर घसीटने तथा उनके नाबालिग बच्चों के अपहरण की धमकी तक फोन पर दी जा रही है। पीड़िता का आरोप है कि इस संबंध में उन्होंने कई बार स्थानीय थाना और चौकी पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बावजूद उनकी प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज नहीं की जा रही है, जिसके चलते वह न्याय की आस में अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि आरोपितों की कथित दबंगई से पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है।
मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर कई सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि पीड़िता के आरोप सही हैं तो महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता का विषय है। वहीं पीड़िता ने पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस प्रशासन की प्रतिक्रिया मिलने पर समाचार को अपडेट किया जाएगा।










