जनपद बस्ती के विकास खंड बस्ती सदर के प्राथमिक विद्यालय मरहा में शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय की छात्राओं ने तिलक लगाकर अपने सहपाठियों की कलाई पर राखी बांधी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रंग-बिरंगी राखियों, मिठाइयों और बच्चों की मासूम मुस्कान से विद्यालय का माहौल उत्सवमय हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना गीत से हुई, जिसके बाद बच्चों ने रक्षाबंधन के महत्व पर कविताएं और भाषण प्रस्तुत किए। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अखिल कुमार यादव, विद्यालय के प्रधानाध्यापक सत्येंद्र सहाय, शिक्षिका संगीता यादव व सुषमा सिंह ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अखिल कुमार यादव ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रेम, विश्वास और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। बच्चों ने भी इस अवसर पर एक-दूसरे को सदैव सहयोग और सम्मान देने का संकल्प लिया।

अंत में, शिक्षकों द्वारा बच्चों को मिठाई वितरित की गई और उन्हें भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को संजोने का संदेश दिया गया। रक्षाबंधन का यह कार्यक्रम बच्चों के लिए न सिर्फ आनंद का अवसर बना, बल्कि भाईचारे और एकता का पाठ भी पढ़ा गया।













