बस्ती – जनपद में बिना पंजीकरण के धड़ल्ले से चल रहे अवैध अस्पतालों का नेटवर्क लगातार पैर पसार रहा है। सूत्रों से मिली चौंकाने वाली जानकारी के अनुसार, इस पूरे अवैध कारोबार को स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी का कथित संरक्षण प्राप्त है। आरोप है कि एसीएमओ डॉ. सत्येंद्र बहादुर सिंह (एसबी सिंह) के सरंक्षण में जिले के भीतर कई फर्जी अस्पताल और क्लीनिक मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं।
सूत्रों का दावा है कि विभागीय जिम्मेदारी संभालने के बजाय उक्त अधिकारी हफ्ते में केवल दो दिन ही जिले का रुख करते हैं। चर्चा है कि यह दौरा केवल अवैध रूप से ‘विटामिन M’ (मोटी रकम) की वसूली के लिए होता है। स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार पदों पर बैठे ऐसे लोगों के इस कथित भ्रष्ट रवैये के कारण क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश है। एक तरफ उत्तर प्रदेश सरकार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति का दावा कर रही है।
वहीं दूसरी तरफ ऐसे अधिकारी सरकार की मंशा पर पूरी तरह पानी फेर रहे हैं। चंद पैसों के लालच में माफियाओं को मिल रहा यह संरक्षण न सिर्फ मरीजों की जान जोखिम में डाल रहा है, बल्कि सरकार की छवि को भी सरे आम धूमिल कर रहा है। जनता अब सवाल उठा रही है कि इन भ्रष्ट अधिकारियों और अवैध अस्पतालों पर प्रशासन आखिर कब बड़ी कार्रवाई करेगा।












