नगर बाजार, बस्ती। नगर पंचायत नगर बाजार के वार्ड संख्या-5 देवापार में चक्रवात के बाद से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। पिछले चार दिनों से क्षेत्र अंधेरे में डूबा हुआ है, जिससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भीषण गर्मी के बीच बिजली न मिलने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चार दिन पहले आई आंधी के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी, लेकिन अभी तक विभाग की ओर से व्यवस्था बहाल नहीं की जा सकी है। बिजली न होने से पेयजल संकट भी गहराने लगा है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल चार्जिंग से लेकर दैनिक आवश्यक कार्यों तक के लिए लोग परेशान हैं।
पूर्व प्रधान सरवन कुमार, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रकाश प्रजापति, राजेश कुमार वर्मा, विपिन कुमार पांडे, मोनू पांडे, राकेश यादव, सभासद राजकुमार चौधरी, अजीत कुमार कनौजिया, वेद प्रकाश, धर द्विवेदी तथा राम प्रकाश यादव ने विभागीय अधिकारियों पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस संबंध में अधिशाषी अभियंता राजित राम ने बताया कि आंधी और खराब मौसम के कारण कई स्थानों पर बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है। विभाग की टीमें दिन-रात मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं और जल्द ही समस्या का समाधान कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।









