बस्ती जिले के माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को डिजिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शासन और माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देश पर सभी पंजीकृत छात्र-छात्राओं की ई-मेल आईडी बनाना अनिवार्य किया गया है। नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों को ई-मेल के माध्यम से असाइनमेंट, अध्ययन सामग्री और अन्य शैक्षिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके साथ ही छात्रों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे वे ऑनलाइन संवाद, गृहकार्य और शैक्षिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर सकें। डीआईओएस संजय सिंह ने बताया कि इस पहल से विद्यार्थियों में डिजिटल साक्षरता, तकनीकी दक्षता और नवाचार की सोच को बढ़ावा मिलेगा।










