बस्ती। कोतवाली क्षेत्र के रौता चौकी से महज सौ मीटर की दूरी पर रेस्टोरेंट की आड़ में संचालित किए जा रहे हुक्का बार के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में हुक्का और अन्य नशीला सामान भी बरामद किया गया।
क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि रौता चौराहे के निकट मालवीय रोड स्थित जय हिंद द हैवेन रेस्टोरेंट में हुक्का बार संचालित होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर बृहस्पतिवार शाम को कोतवाली पुलिस ने मौके पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट के अंदर 21 युवक हुक्का पीते हुए पाए गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट संचालक समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। जांच के बाद हुक्का बार के संचालक मोहम्मद आफताब निवासी कमहरिया, थाना कलवारी, शुभम कन्नौजिया निवासी बाटागली गांधी नगर तथा सक्षम भारती निवासी गांधीनगर के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं मौके से पकड़े गए 21 युवकों के अभिभावकों को सूचना देकर उन्हें उनके सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अवैध रूप से संचालित होने वाले हुक्का बार और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










