रामजन्मभूमि के परकोटे के ईशान (उत्तरी-पूर्वी) कोण पर निर्मित शिव मंदिर पर धर्म ध्वजा का आरोहण बुधवार को सायंकाल पांच बजे होगा। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने ध्वजारोहण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया है।
सीएम के अलावा इस आयोजन में भाजपा, आरएसएस, विहिप व अन्य संगठनों के 1200 लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री रामनगरी में लगभग डेढ़ घंटे मौजूद रहेंगे। वह शाम 4:15 बजे रामकथा पार्क के हेलीपैड पर उतर कर सीधे हनुमानगढ़ी पहुंच बजरंगबली का आशीर्वाद लेंगे।
तत्पश्चात राम मंदिर में रामलला का दर्शन-पूजन व आरती कर आयोजन स्थल पर पहुंचेंगे और शिव मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण कर उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। शाम 5:50 बजे वह लखनऊ के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।
रामजन्मभूमि परिसर के परकोटे का यह पांचवां पूरक मंदिर है, जिस पर ट्रस्ट की ओर से ध्वजारोहण कराया जा रहा है। ट्रस्ट ने शिवावतारी माने जाने वाले गुरु गोरक्षनाथ की परंपरा के प्रतिनिधि होने के कारण शिव मंदिर पर ध्वजारोहण के लिए गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया है।
इससे पहले वह विभिन्न आयोजनों में प्रतिभाग अवश्य करते रहे, परंतु राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल व अन्य अतिथियों के साथ। ट्रस्ट ने शिव मंदिर के ध्वजारोहण को अविस्मरणीय बनाने के लिए परकोटे के बाहर ही अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की है। यहां यज्ञशाला के समीप लगभग 1200 कुर्सियां छह ब्लाकों में संयोजित की गई हैं, जिन पर निर्धारित क्रमांक के अनुसार आमंत्रित अतिथियों को बिठाया जाएगा।
लगभग 75 फीट ऊंचे शिव मंदिर के शिखर पर निर्बाध ध्वजारोहण के लिए पहले ही परीक्षण कर लिया गया है। बुधवार को मंत्रोच्चार के मध्य सीएम योगी के हाथों रस्सी व पुली के माध्यम से ध्वज का आरोहण होगा। इस अवसर पर ट्रस्टी, एजेंसियों के अभियंता व सुरक्षा से जुड़े अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।













