बस्ती। आर्य वीर दल बस्ती मंडल द्वारा दिनांक 21 मई से 28 मई तक जीवीएम कॉन्वेंट स्कूल, बस्ती में बालक-बालिकाओं के लिए व्यक्तित्व विकास एवं आत्मरक्षा शिविर आयोजित किया गया है। इस शिविर की जानकारी देते हुए ओम प्रकाश आर्य ने बताया कि आर्य वीर दल द्वारा जिले के चयनित स्थानों पर इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवा वर्ग में राष्ट्र के प्रति सकारात्मक भावना एवं आत्मविश्वास का संचार हो सके।
शिविर का उद्घाटन करते हुए श्रीमती विजयलक्ष्मी सिंह ने बताया कि शिविर में बालिकाओं को प्रातः 6 बजे से 10 बजे तक तथा बालकों को अपराह्न 3 बजे से 6:30 बजे तक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का दायित्व राहुल आर्य, व्यायाम शिक्षक, सार्वदेशिक आर्य वीर दल, के पास है।

शिविर के दौरान बच्चों को सर्वांग सुंदर व्यायाम, सूर्य नमस्कार, भूमि नमस्कार, जूडो-कराटे, लेज़ियम, डम्बल, योग और यज्ञ आदि का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास को बल मिले।
आचार्य देवव्रत आर्य, मंडलपति, आर्य वीर दल बस्ती ने कहा कि “व्यक्तित्व विकास और आत्मरक्षा के गुर आज के समय की आवश्यकता हैं, विशेष रूप से बेटियों के लिए, जो समाज और परिवार की धुरी होती हैं।”
इस अवसर पर यज्ञ का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रशिक्षिका महिमा आर्य और गरुण ध्वज पाण्डेय ने बच्चों को गायत्री मंत्र का भावार्थ समझाया और इसे कंठस्थ करने की प्रेरणा दी।
शिविर में राम तनय, निधि, दुर्गा एवं गिरीश शुक्ल सहित अन्य सहयोगियों ने प्रशिक्षण में सक्रिय योगदान दिया।











