बस्ती जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव में एक बंद पड़े स्कूल में जलती लाश मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने सुबह आठ बजे आग की लपटें देखीं और मौके पर पहुंचकर देखा कि एक व्यक्ति का शव जल रहा था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अधजले शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चप्पल और चाभी से हुई पहचान का दावा
घटना स्थल पर शव के पास एक चप्पल और चाभी का गुच्छा मिला। मृतक की पत्नी और बेटी ने दावा किया कि यह शव स्कूल प्रबंधक जामवंत शर्मा का है। उन्होंने कहा कि चाभी और चप्पल उनके पति की ही है।
जामवंत शर्मा का आपराधिक इतिहास

जामवंत शर्मा का नाम पहले भी विवादों में रह चुका है। लगभग 10 साल पहले उन पर एक डॉक्टर की हत्या का आरोप लगा था, जिसके चलते उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। हाल ही में वे जमानत पर बाहर आए थे।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी ओपी सिंह, सीओ और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बताया कि अभी यह कहना मुश्किल है कि शव किसका है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
एएसपी ओपी सिंह ने बताया, “सूचना मिली थी कि बंद पड़े प्रयागराजी इंटर कॉलेज में एक व्यक्ति का शव जल रहा है। मृतक की पत्नी ने शव की पहचान अपने पति जामवंत शर्मा के रूप में की है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।”
परिवार का आरोप, साजिश का शक
मृतक की पत्नी और बेटी ने इस घटना को हत्या करार देते हुए कहा कि यह एक सोची-समझी साजिश है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।












