बस्ती। खुशी के पल और ढोल-नगाड़ों के बीच अचानक माहौल तब तनावपूर्ण हो गया जब एक युवक की दूसरी शादी में उसकी पहली पत्नी पुलिस लेकर पहुंच गई। मामला पैकोलिया थाना क्षेत्र के पिरैला गांव का है, जहां बिना तलाक दूसरी शादी की कोशिश कर रहे दूल्हे को पुलिस ने कार्यक्रम स्थल से अपने साथ ले लिया।
9 साल के रिश्ते, कोर्ट मैरिज और फिर पारिवारिक शादी
जानकारी के अनुसार, युवक विनय अंगद शर्मा उर्फ लवकुश और उसकी पहली पत्नी रेशमा शर्मा पढ़ाई के दौरान करीब नौ वर्षों तक रिलेशनशिप में रहे। दोनों ने 30 मार्च 2022 को कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद 8 दिसंबर 2022 को परिवार की मौजूदगी में धूमधाम से विवाह भी सम्पन्न हुआ था।
कोर्ट में केस लंबित, तलाक नहीं — फिर भी दूसरी शादी
पहली पत्नी रेशमा शर्मा की शिकायत के अनुसार, पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला फिलहाल कोर्ट में लंबित है और अब तक तलाक नहीं हुआ है। इसी बीच विनय अंगद शर्मा दूसरी शादी करने की तैयारी में था। 17 नवंबर 2025 को पिरैला गांव में उसकी शादी का कार्यक्रम चल रहा था।
शादी के दौरान पहुंची पहली पत्नी और पुलिस
दूसरी शादी की सूचना मिलते ही पहली पत्नी रेशमा शर्मा मौके पर पुलिस के साथ पहुंच गई। जयमाल की रस्म चल रही थी तभी पुलिस ने कार्यक्रम में हस्तक्षेप करते हुए दूल्हे को हिरासत में ले लिया।
कौन है दूल्हा और पहली पत्नी?
- पहली पत्नी: रेशमा शर्मा, निवासी A/14 आनंद विहार सोसायटी, गडक्खोल पटिया, अंकलेश्वर (गुजरात)
- दूल्हा: विनय अंगद शर्मा उर्फ लवकुश, निवासी वाल्टरगंज गणेशपुर, बस्ती (उ.प्र.) तथा अंकलेश्वर (गुजरात)
मामले को लेकर स्थानीय पुलिस जांच में जुट गई है। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।












