Hina Khan Wedding
टीवी इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री और बिग बॉस 11 फेम हिना खान ने अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड रॉकी जायसवाल संग शादी रचा ली है। 4 जून 2025 को दोनों ने एक प्राइवेट सेरेमनी में सात जन्मों का साथ निभाने का वादा किया। फैंस के लिए यह खबर किसी सरप्राइज से कम नहीं रही, क्योंकि कपल ने बिना किसी तामझाम और शोरगुल के शादी की, लेकिन जैसे ही उनकी वेडिंग फोटोज सामने आईं, सोशल मीडिया पर तहलका मच गया।
कई सालों की डेटिंग के बाद बना जन्मों का रिश्ता
हिना और रॉकी की मुलाकात टीवी शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ के सेट पर हुई थी। हिना जहां शो में लीड रोल निभा रही थीं, वहीं रॉकी प्रोडक्शन टीम का हिस्सा थे। यहीं से दोनों के बीच दोस्ती और फिर प्यार परवान चढ़ा। बिग बॉस 11 में हिना ने रॉकी संग अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था। इसके बाद से दोनों एक परफेक्ट कपल माने जाने लगे।
हिना का ब्राइडल लुक बना ट्रेंड
हिना खान ने अपनी शादी में पारंपरिक लहंगे की जगह एक बेहद खूबसूरत ओपल ग्रीन हैंडलूम साड़ी पहनी, जिसमें सोने और चांदी के धागों से नफासत से कढ़ाई की गई थी। खास बात यह रही कि उनकी साड़ी पर उनके और रॉकी के नाम कढ़े हुए थे, जिसने इस लुक को और भी खास बना दिया। सिंपल लेकिन क्लासिक स्टाइल में तैयार इस जोड़ी की तस्वीरें देखते ही बन रही हैं।
कपल ने फोटो शेयर कर लिखा दिल छू लेने वाला कैप्शन
हिना और रॉकी ने अपनी वेडिंग फोटोज इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा,
“दो अलग-अलग दुनिया से, हमने प्यार का एक ब्रह्मांड बनाया… हमारे मतभेद मिट गए, हमारे दिल जुड़ गए, जिससे जन्मों-जन्मों तक चलने वाला बंधन बन गया। आज, हमारा मिलन हमेशा के लिए प्यार और कानून में सील हो गया है। हम पत्नी और पति के रूप में आपका आशीर्वाद और शुभकामनाएं चाहते हैं।”
जब बीमारी में भी रॉकी बने हिना की ताकत
कुछ समय पहले जब हिना खान को एक गंभीर बीमारी (कैंसर) से जूझना पड़ा था, तब रॉकी ने उनका हर पल साथ निभाया। हिना ने एक पोस्ट के जरिए बताया था कि कैसे रॉकी ने अपने करियर और निजी आराम को छोड़कर उनकी देखभाल की और उन्हें हर दिन हिम्मत दी।
सोशल मीडिया पर बधाईयों का तांता
हिना खान और रॉकी जायसवाल की शादी की खबर सामने आते ही फैंस, सेलेब्स और दोस्तों ने सोशल मीडिया पर बधाईयों की बाढ़ ला दी है। टीवी इंडस्ट्री से लेकर बॉलीवुड तक, हर कोई इस नए जोड़े को ढेर सारी शुभकामनाएं दे रहा है।
news xpress live