मध्य–पूर्व के युद्धरत देश ईरान और इज़रायल एक-दूसरे पर हवाई हमले कर रहे हैं। दोनों ही देश रिहायशी इलाकों और सैन्य ठिकानों को अपना निशाना बना रहे हैं। इजरायल के हमले में ईरान के लोगों की कितनी मौतें हुई हैं। इसकी जानकारी अमेरिकी मानवाधिकार संगठन ने दी है। अमेरिकी संगठन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार ईरान पर इजराइल के हमलों में कम से कम 950 लोग मारे गए हैं तथा 3,450 अन्य घायल हुए हैं।
ईरान में आंकड़े जुटा रहा है ये संगठन
अमेरिका के मानवाधिकार संगठन ‘ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स’ ने ईरान में मारे गए लोगों की संख्या और घायलों के बारे में ये जानकारी दी है। यह संगठन ईरान में इस तरह के मामलों में हताहतों के आंकड़े जुटा रहा है। संगठन ने कहा कि मरने वालों में 383 नागरिक और सुरक्षा बल के 253 जवान शामिल हैं। ‘ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स’ ने ही ईरानी नागरिक महसा अमीनी की मौत के बाद वहां 2022 में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान हताहतों की विस्तृत संख्या प्रदान की थी।
ईरानी सरकार का दावा इससे अलग
अमेरिकी मानवाधिकार संगठन का दवा जो भी हो लेकिन ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा था कि इजरायल के हमलों में लगभग 400 नागरिक मारे गए हैं। 3,056 अन्य घायल हुए। दोनों ही देशों के बीच हवाई हमले अभी भी हो रहे हैं।