बस्ती में उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड से जुड़ी निजी कंपनी टेरा सॉफ्ट प्राइवेट लिमिटेड के मीटर रीडरों ने वेतन विसंगति के विरोध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी ने प्रति बिल ₹10-₹8 देने का वादा किया था। लेकिन भुगतान के समय मात्र ₹2.70 प्रति बिल की दर से भुगतान किया गया।
मीटर रीडरों ने बताया कि लगभग 60 दिन तक नियमित कार्य करने के बावजूद उन्हें केवल एक महीने का वेतन मिला है। जब उन्होंने इस मुद्दे पर सवाल उठाया तो उन्हें धमकाया गया और कार्यमुक्त करने की बात कही गई।
कर्मचारियों का यह भी आरोप है कि उन्हें न तो जॉइनिंग लेटर दिया गया और न ही कोई औपचारिक नियुक्ति पत्र मिला। मंगेज कुमार, आलेक, राजकुमार, सहस, इन्देश, दीपक यादव, कुकन, मादर प्रसाद, वेदप्रकाश पाण्डव, प्रमोद, लागू और सुनथ सहित कई मीटर रीडरों ने सामूहिक रूप से शिकायत दर्ज कराई है।
मीटर रीडरों ने चेतावनी दी है कि अगर समय पर वेतन भुगतान नहीं किया गया और कंपनी की मनमानी पर रोक नहीं लगी, तो वे आगामी माह से कार्य बहिष्कार पर चले जाएंगे। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने और अपने परिवारों के भरण-पोषण की चिंता दूर करने की मांग की है।
news xpres live












