संयुक्त अरब अमीरात के F-16 लड़ाकू विमानों के एक बेड़े ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विमान को एस्कॉर्ट किया, जब पीएम मोदी खाड़ी देश के हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया। यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद के साथ अपनी मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस तरह से आज आपकी वायु सेना ने मुझे एस्कॉर्ट किया, वह भारत के लोगों के लिए एक सम्मान की बात है। हम पिछले काफी समय से फोन पर बात कर रहे थे, लेकिन मैं आपसे व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए बेहद उत्सुक था।
आज आपसे मिलकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। यूएई की सरकारी समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, जैसे ही पीएम मोदी को ले जा रहा विमान यूएई के हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ, सैन्य विमानों के एक फॉर्मेशन ने उनका स्वागत किया। एजेंसी ने आगे बताया कि स्वागत के इस खास जेस्चर के तहत, स्क्वाड्रन लीडर ने पीएम के विमान को हवाई अड्डे तक एस्कॉर्ट करने की आधिकारिक अनुमति मांगी थी।
दोनों देशों के बीच गहरी दोस्ती और मजबूत संबंधों को दर्शाते हुए, यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद ने खुद एयरपोर्ट पर पीएम मोदी की अगवानी की। इस गर्मजोशी भरे स्वागत को लेकर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मैं अबू धाबी हवाई अड्डे पर मेरा स्वागत करने के इस विशेष भाव के लिए अपने भाई हिज हाइनेस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान को धन्यवाद देता हूं।
बता दें कि पीएम मोदी अपनी पांच देशों की यात्रा के पहले चरण के तहत यूएई के इस संक्षिप्त दौरे पर पहुंचे हैं। उनके इस बहुराष्ट्रीय दौरे में चार यूरोपीय देश भी शामिल हैं। यूएई पहुंचने पर प्रधानमंत्री का पूरे राजकीय सम्मान के साथ औपचारिक स्वागत भी किया गया।













