लखनऊ
उर्वरकों की बिक्री में अनियमिता के आरोप में सीतापुर के जिला कृषि अधिकारी मंजीत कुमार को मंगलवार को निलंबित कर दिया गया है। ज्ञातव्य है कि सोमवार को कृषि मंत्री शिव प्रताप शाही ने जिले के कई खाद की दुकानों पर छापा मारा था, जिसमें तमाम अनियमित एवं गड़बड़ियां पाई गई थी।
इस संबंध में मंगलवार को कृषि मंत्री ने बाकायदा प्रेस कांफ्रेंस कर वहां की गड़बड़ियों के बारे में पत्रकारों से जानकारी साझा की। मंत्री ने बताया कि सीतापुर में औचक निरीक्षण के दौरान जैन इंटरप्राइजेज में स्टॉक में गड़बड़ी, गलत रजिस्टरिंग, रिटेलर्स को कम मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराना एवं टैगिंग में अनियमितता पाई गई थी।
प्रतिष्ठान को तत्काल सील कर विधिक कार्यवाही प्रारम्भ कर दी गई है। इसी प्रकार से श्री बालाजी एग्रो ट्रेडर्स जेल रोड सीतापुर के स्टॉक का मिलान सही नहीं पाया गया, प्रतिष्ठान सील किया गया। आगे की जांच उपजिलाधिकारी द्वारा की जाएगी।
बालाजी ट्रेडर्स सिधौली द्वारा स्टॉक व बिक्री रजिस्टर प्रस्तुत नहीं किए गए, रेट बोर्ड भी नहीं लगा था। वहां पर मौजूद कृषकों के भी बयान लिए गए थे। अनियमितता मिलने पर कड़ी कार्यवाही की गई। अन्य प्रतिष्ठानों-एएनवी एग्रो एण्ड कैमिकल्स, न्यू अय्यूब खाद भण्डार, न्यू अंसारी खाद भण्डार एवं तराई बीज भण्डार के प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि के मौके से भागने और अभिलेख प्रस्तुत न करने के कारण सील कर दिया गया है। मंत्री की प्रेस कांफ्रेंस के बाद देर शाम कृषि निदेशक डॉ०जितेंद्र कुमार तोमर ने जिला कृषि अधिकारी मनजीत कुमार को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।












