उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दुबौलिया थाना क्षेत्र के डेई डीहा बुजुर्ग गांव में कुछ दबंगों ने महिला और उसके नाबालिग बच्चे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में महिला और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावर दबंगई दिखाते हुए घर में जबरन घुस आए और महिला व बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट की। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मारपीट की यह घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई। ग्रामीणों के मुताबिक, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी स्थिति को नियंत्रित नहीं कर सके और दबंग लगातार हमला करते रहे।
घटना का वीडियो सोशल Media पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग लाठी-डंडों के साथ महिला और बच्चे को पीटते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में दबंगों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है और कई बार शिकायत के बावजूद सख्त कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।










