बस्ती जिले के गेटवा NH-28 स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के सामने मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की एक AC बस ने ईंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली पलट गई और सड़क पर चारों तरफ ईंटें बिखर गईं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। बस के अगले हिस्से में बैठे तीन यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी मरवटिया पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई। हादसे के कारण NH-28 पर कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सड़क से ईंटें हटाकर यातायात को सामान्य कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।










