दुबौलिया क्षेत्र में सोमवार रात आई तेज आंधी ने जमकर तबाही मचाई। तेज हवाओं के चलते कई गांवों में टीनशेड उड़ गए और दर्जनों पेड़ धराशायी हो गए। अचानक बदले मौसम से ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
ब्लॉक क्षेत्र के पूरे ओरी राय गांव निवासी देवनारायण त्रिपाठी के मकान का टीनशेड तेज आंधी में उड़ गया। आंधी इतनी तेज थी कि करीब 30 फुट लंबी पक्की ईंट की दीवार भी पूरी तरह ढह गई। टीनशेड के नीचे रखा अनाज, कपड़े और अन्य सामान खराब हो गए। वहीं दीवार गिरने से चारपाई समेत घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर हल्का लेखपाल अजीत सिंह मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी।
इसी तरह लक्ष्मनपुर गांव निवासी बृजेश सिंह के मकान का टीनशेड दीवार सहित गिर गया, जिससे उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हुआ। वहीं गोबरिहिया गांव में नारायन मिश्रा के घर के सामने बना टीनशेड भी तेज हवाओं की चपेट में आकर गिर पड़ा।
आंधी के बाद क्षेत्र में कई स्थानों पर पेड़ गिरने से आवागमन भी प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे और राहत की मांग की है।










