बस्ती जिले में ज्येष्ठ मास के चौथे मंगलवार पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक श्रद्धालु महावीर जी की भक्ति में सराबोर नजर आए। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर पूजन-अर्चन, सुंदरकांड पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
शहर के गांधीनगर, पक्के, अस्पताल चौराहा, आवास विकास, कंपनी बाग समेत कई स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और हनुमान चालीसा व भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय बना रहा।
वहीं रुधौली तहसील परिसर में ज्येष्ठ माह के चौथे मंगलवार पर भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित सुजीत उपाध्याय द्वारा विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके बाद दिवाकर पांडेय एवं उनकी टीम ने संगीतमय सुंदरकांड पाठ प्रस्तुत किया, जिससे पूरा तहसील परिसर “जय श्री राम” के जयघोष से गूंज उठा।
धार्मिक आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, लेखपालों और क्षेत्रीय गणमान्य लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान कानूनगो संतोष शुक्ला, लेखपाल संघ जिला मंत्री अंकित चौधरी, अध्यक्ष पंकज सिंह, मनोज वर्मा, प्रमोद चौधरी, अमन जायसवाल, अजीत चौधरी, आलोक, विनय, रजनीश सिंह, पारसनाथ पांडेय, रमेश सिंह, रमेश भट्ट, दिनेश श्रीवास्तव और श्याम नारायण सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं ने हनुमान जी से सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की। पूरे जिले में दिनभर भक्ति और सेवा का माहौल बना रहा।










