बस्ती। जनपद बस्ती के ग्राम जिगिना निवासी राम नरेश ने प्रशासन से शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि उनकी भूमि पर राजस्व विभाग द्वारा विधिवत सीमांकन कर लगाए गए चिन्हित पत्थर को विपक्षी द्वारा उखाड़कर फेंक दिया गया है। मामले में जांच रिपोर्ट आने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जिगिना निवासी राम नरेश पुत्र झिगई की भूमि खाता संख्या 106 एवं गाटा संख्या 156, रकबा 0.041 हेक्टेयर का सीमांकन राजस्व विभाग द्वारा धारा-24 के अंतर्गत कराया गया था। राजस्व टीम ने मौके पर पत्थर स्थापित कर भूमि की सीमा निर्धारित की थी।
राम नरेश का आरोप है कि गांव के ही आदित्य कुमार पुत्र शिवकुमार ने उक्त सीमांकन पत्थर को उखाड़कर फेंक दिया, जिससे राजस्व विभाग द्वारा किए गए सीमांकन को क्षति पहुंची है। उन्होंने बताया कि संबंधित भूमि को लेकर किसी भी न्यायालय में कोई वाद विचाराधीन नहीं है।
पीड़ित ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने थाना दिवस पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है, लेकिन रिपोर्ट के बावजूद अभी तक आरोपित के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
राम नरेश ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व विभाग के चिन्हित पत्थर को नुकसान पहुंचाने और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में दोषी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।









