बस्ती। जिले में फरार चल रहे अभियुक्त विनय कुमार तिवारी के खिलाफ पुलिस ने न्यायालय के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्घोषणा (मुनादी) की प्रक्रिया पूरी की। यह कार्रवाई न्यायालय द्वारा जारी धारा 82 सीआरपीसी के आदेश के अनुपालन में की गई।
पुलिस टीम अभियुक्त के निवास क्षेत्र में पहुंची, जहां डुगडुगी बजवाकर न्यायालय के आदेश की सार्वजनिक घोषणा कराई गई। इस दौरान स्थानीय लोगों को अभियुक्त के विरुद्ध जारी न्यायिक आदेश की जानकारी दी गई तथा उसे शीघ्र न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने की चेतावनी भी दी गई।
पुलिस ने नियमानुसार उद्घोषणा संबंधी नोटिस अभियुक्त के निवास स्थान पर चस्पा किया और आसपास के नागरिकों को कानूनी प्रक्रिया से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को अभियुक्त के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। साथ ही न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
इस अभियान में चौकी प्रभारी सिविल लाइन अजय सिंह एवं चौकी प्रभारी जेल गेट सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।










