श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ
बस्ती। भव्य कलश यात्रा के साथ नवदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ।
दसकोलवा पाण्डेय निवास से सोनूपार, डारीडीहा होते हुये बाबा भदेश्वरनाथ के मन्दिर तक कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में मुख्य यजमान रामानंद पाण्डेय एवं राजेश्वरी पाण्डेय व कलश लिए महिलाओं ने भगवान शिव, माता पार्वती का पूजन किया और पवित्र कुवानो नदी से कलश में जल भरा।
कलश यात्रा से पूर्व आचार्य आशीष पाण्डेय ने श्रीराम, सीता जी, लक्ष्मण जी, हनुमान जी, श्री राधा जी, श्री कृष्ण जी झांकी का विधिवत पूजन कराया। सर पर श्रीमद्भागवत महापुराण की पोथी लेकर कथा के यजमान राममणि पांडेय व नीलम पाण्डेय शोभायात्रा में आगे आगे चलते रहे और नारायण का जय घोष होता रहा।
आज मंगलवार को मुख्यालय से सटे दशकोलवा गाँव में स्व सूर्यमणि पाण्डेय की स्मृति में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ, यात्रा के पश्चात चित्रकूट धाम से पधारे कथा व्यास आचार्य मिथिलेश शास्त्री जी महाराज ने श्रोताओं को पहले दिन की कथा में बताया कि श्री मद्भागवत महापुराण की कथा सभी को श्रवण करना चाहिए
क्योंकि यह कथा युवाओं को अपने कर्म को करने की ऊर्जा एवं संसार में रहने समाज के प्रति जिम्मेदारी की प्रेरणा देती है। समाज की सभी विडंबनाओं का संपूर्ण समाधान है यह भागवत कथा यह माताओं को, कन्याओं को, बालकों को, बूढ़ों को सभी को जीवन जीने की कला प्रदान करता है। समस्त पापों से भी मुक्ति इस ग्रंथ की कथा सुनने से होती है,
इसका प्रमाण स्वरूप धुंधकारी जी का चरित्र है क्योंकि हमारे गलत चरित्र ही पाप का रूप होते है और श्रीमद्भागवत कथा हमारे चरित्र को उज्ज्वल बनाती है। इतना ही नही इस कथा के श्रवण से हमे मानवता प्राप्त होती है और इसी से हमे देवत्व की प्राप्ति होती है।
यजमान राममणि पांडेय ने बताया कि प्रतिदिन सायं 06 बजे से रात्रि 10 बजे तक होने वाली 09 दिवसीय कथा में श्रीमद् भागवत महात्म, नारद चरित्र परीक्षित जन्म, ध्रुव चरित्र, राम अवतार, श्री कृष्ण जन्मोत्सव, प्रहलाद चरित्र, वामन अवतार, गिरिराज पूजन 56 भोग, रुक्मणी विवाह, सुदामा चरित्र संपूर्ण भागवत कथा का सार, 30 अप्रैल को पूर्णाहुति हवन व भंडारे का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि कथा के द्वारा ज्ञान, कर्म, योग, मोक्ष आदि विषयों पर श्रोताओं को श्रीमद्भागवत के ज्ञान की अमृत वर्षा की जायेगी। कथा का लाइव प्रसारण शुभम जी द्वारा किया जायेगा।
इस अवसर पर चित्रकूट धाम से आये अनिल जी महाराज, आचार्य आशीष जी, अयोध्या धाम से आये ध्यानचन्द्र पांडेय, सुनील महराज, अत्रि मिश्र, सुमित शुक्ल, चंद्रमणि पांडेय, राजकुमार पाण्डेय, चंद्रभान पाण्डेय, राम बहादुर पाण्डेय, चंद्रभूषण पाण्डेय, रजनीश पांडेय सहित सैकड़ो लोग मौजूद रहे
News Xpress live












