राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया उनका गर्मजोशी से स्वागत
गोरखपुर, 30 जून 2025

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर पहली बार गोरखपुर पहुंचीं। दोपहर 1:10 बजे जैसे ही उनका विमान गोरखपुर एयरपोर्ट पर उतरा, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

एयरपोर्ट से राष्ट्रपति सीधे सर्किट हाउस के लिए रवाना हुईं। पूरे मार्ग में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता ने जगह-जगह पुष्पवर्षा और तिरंगा लहराकर उनका भव्य स्वागत किया। कुछ स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। बच्चे बारिश में भीगते हुए राष्ट्रपति की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए। राष्ट्रपति ने भी गाड़ी से हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया।
राष्ट्रपति का व्यस्त कार्यक्रम
शाम 4:30 बजे महामहिम ने एम्स गोरखपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में भाग लिया और मेधावी विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए।

1 जुलाई को वह दो अहम कार्यक्रमों में भाग लेंगी:
पूर्वाह्न में – महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय, पिपरी भटहट का लोकार्पण
अपराह्न में – महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय, आरोग्यधाम सोनबरसा में अकादमिक भवन, ऑडिटोरियम, पंचकर्म केंद्र का लोकार्पण और गर्ल्स हॉस्टल का शिलान्यास।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रपति दोनों दिन गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन व प्रसाद ग्रहण करेंगी।
अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन ने कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं। उनके पूरे रूट पर पुलिस बल तैनात है, छतों पर सुरक्षाकर्मी मुस्तैद हैं और एयरपोर्ट से लेकर शहर तक हर जगह सतर्कता बरती जा रही है।
ऐतिहासिक अवसर
यह पहला मौका है जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गोरखपुर आई हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने कार्यकाल में चौथी बार किसी राष्ट्रपति की गोरखपुर में अगवानी कर रहे हैं। इससे पूर्व वह तीन बार तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की मेज़बानी कर चुके हैं।