लखनऊ, 30 जून 2025

समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, 19 विक्रमादित्य मार्ग, लखनऊ में आज 1857 की स्वतंत्रता संग्राम की महान नायिका वीरांगना ऊदा देवी पासी की जयंती पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने ऊदा देवी के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया और उनके बलिदान को प्रेरणास्रोत बताया।

सभा को संबोधित करते हुए श्री यादव ने कहा कि ऊदा देवी ने 1857 की क्रांति में अद्वितीय साहस का परिचय देते हुए 36 अंग्रेज सैनिकों को मौत के घाट उतारकर स्वतंत्रता आंदोलन में अमिट योगदान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा आज उन्हीं मूल्यों को नष्ट करने में लगी है, जिनके लिए वीरांगनाओं और स्वतंत्रता सेनानियों ने बलिदान दिया।

श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के माध्यम से भाजपा की विभाजनकारी नीतियों का मुकाबला करेगी। उन्होंने भाजपा पर संविधान बदलने और आरक्षण खत्म करने की साजिश का आरोप लगाते हुए कहा कि निजीकरण और आउटसोर्सिंग के जरिए सामाजिक न्याय को कमजोर किया जा रहा है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर समाजवादी पार्टी की विकास परियोजनाओं को बर्बाद करने का आरोप लगाया और कहा कि जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय केन्द्र, जो स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास को संरक्षित करने के उद्देश्य से बनाया गया था, उसे खंडहर में बदल दिया गया है। अगर भाजपा इस इमारत को बेचना चाहती है तो समाजवादी पार्टी इसे खरीदने के लिए तैयार है।
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंच पर सांसद आरके चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, पं. हरिप्रसाद मिश्र, विधायक तूफानी सरोज, डॉ. रागिनी सोनकर, पूजा सरोज, मुकुल यादव, रामवीर सिंह, पूर्व विधायक अंबरीश पुष्कर, सीएल वर्मा, विजय बहादुर, मिठाई लाल भारती, राजबाला रावत, शांति सिंह, ज्योत्सना सिंह, डॉ. राजवर्धन जाटव, जयवीर सिंह पासी, मनोज पासवान, पल्लवी नंदेश्वर यादव, अर्चना रावत, दर्ष जायसवाल, जगन्नाथ कुशवाहा, रामकुमार कठेरिया, रामसमुझ रावत, उमाशंकर वर्मा, दिनेश यादव, लतीफ फारूकी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।