बस्ती, 01 मई 2025
समाजवादी पार्टी, बस्ती इकाई द्वारा आज प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के उत्पीड़न और राज्यसभा सांसद एवं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री रामजी लाल सुमन पर हालिया हमलों के विरोध में महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव PDA का नारा देकर समाज के वंचित, शोषित और अल्पसंख्यक वर्गों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। यह बात प्रदेश के प्रभुत्ववादी और संविधान विरोधी समूहों को रास नहीं आ रही है, जिसके चलते PDA वर्ग के लोगों के खिलाफ उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि श्री रामजी लाल सुमन को करणी सेना द्वारा बार-बार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। उनके आवास पर हमला किया गया और 27 अप्रैल को जब वे बुलंदशहर जा रहे थे, तब अलीगढ़ में उनके काफिले पर हमला हुआ, जिसमें कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए और कई लोगों को चोटें आईं। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई कठोर कार्रवाई नहीं की गई, जिससे यह साफ होता है कि इन अराजक तत्वों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है।
समाजवादी पार्टी ने इसे प्रदेश सरकार की दलित विरोधी मानसिकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। हत्या, लूट, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार जैसी घटनाएं आम हो गई हैं और सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है।
इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता महेन्द्र नाथ यादव ने कहा कि यह आंदोलन लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए है। उन्होंने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि उत्तर प्रदेश की बिगड़ती स्थिति का संज्ञान लें और संविधान एवं लोकतंत्र की रक्षा हेतु ठोस कदम उठाएं।
रिपोर्टर
न्यूज़ एक्सप्रेस लाइव | बस्ती












