हर्रैया। उत्तर प्रदेश राज्य एनएचएम एएनएम कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर बृहस्पतिवार को एएनएम ने ऑनलाइन हाजिरी के विरोध में सीएचसी पर धरना दिया। इस दौरान उन्होंने अपनी अन्य मांगों के समर्थन में भी आवाज उठाई।
धरने के दौरान स्वास्थ्य मंत्री, महानिदेशक परिवार कल्याण और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन अधीक्षक डॉ. बृजेश शुक्ला की अनुपस्थिति में चिकित्सा अधिकारी डॉ. नंदलाल यादव को सौंपा गया।
उत्तर प्रदेश राज्य एनएचएम एएनएम कर्मचारी यूनियन के बैनर तले पूनम त्रिपाठी, नीलम पांडेय, छाया वर्मा, सपना शुक्ला, संगीता पांडेय, आरती मिश्रा, सुशीला, निधि, सुमन पाल, संगीता द्विवेदी, रजनी श्रीवास्तव सहित दर्जनों एएनएम सीएचसी पर पहुंचीं और सरकार के ऑनलाइन हाजिरी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
एएनएम ने ज्ञापन में मांग की कि गृह जनपद में स्थानांतरण पर लगाई गई रोक को तुरंत वापस लिया जाए। इसके अलावा, उन्होंने काम के सापेक्ष सम्मानजनक मानदेय, स्वास्थ्य बीमा, और लंबित मुद्दों पर सरकार से शीघ्र निर्णय की अपेक्षा की।
आंदोलनरत एएनएम ने कहा कि केंद्रों पर पोर्टल के जरिए सुबह-शाम फोटो अपलोड करने के आदेश को निरस्त किया जाए। उन्होंने बताया कि दूरस्थ तैनात महिला कर्मचारी फील्ड में काम करती हैं, और उन्हें अन्य कार्यों की भी जिम्मेदारी दी जाती है। ऐसे में दो बार पोर्टल पर फोटो अपलोड करना उनके लिए संभव नहीं है।
धरने में शामिल एएनएम कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों की अनदेखी से उनकी कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है, और वे इस मुद्दे पर प्रशासन से उचित कार्रवाई की अपेक्षा करती हैं।










