Basti में मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब कुछ मनबढ़ दबंगों ने मामा और भांजे पर हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि भांजे से हुए किसी विवाद की शिकायत करना दबंगों को नागवार गुजर गया। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने मामा आरिफ और उनके भांजे को घेर लिया और दोनों पर हमला बोल दिया। दबंगों ने दोनों को बेरहमी से पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों को बचाया। लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई।
सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस घायलों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।
पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के कटरा मोहल्ले का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।













