Basti में चीनी मिल रुधौली के गेट एवं सेंटरों का निरीक्षण इकाई प्रमुख डॉ. जेपी त्रिपाठी और आईटी हेड शेर बहादुर सिंह द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बहादुरपुर, रमवापुर, सिसवारी, पिरैला, हथिया, कुम्हीहा और लकड़ा गांव पहुंचकर किसानों को गन्ने की पेड़ी एवं पौधों की सिंचाई संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
अधिकारियों ने गन्ना सर्वे कार्य का भी जायजा लिया और किसान रामनाथ, सत्यप्रकाश, प्रेमनाथ, हरिराम, राजेंद्र यादव, रामतेज चौधरी, राम नवल चौधरी तथा प्रमोद चौधरी के खेतों में सर्वे जांच की। जांच के दौरान सभी प्लांट सही पाए गए।
किसानों को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए फसल की देखभाल में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। खेतों में पर्याप्त नमी बनाए रखने, समय पर सिंचाई करने और शाम के समय उर्वरकों का प्रयोग करने की सलाह दी गई, ताकि फसल का बेहतर विकास हो और उत्पादन में वृद्धि हो सके।
अधिकारियों ने किसानों को खेत की मेड़ों पर विशेष ध्यान देने के लिए भी कहा। उनका कहना था कि गर्मी बढ़ने के साथ जहरीले कीट, बिच्छू और सांप नमी की तलाश में खेतों की मेड़ों पर दिखाई दे रहे हैं, जिससे सावधानी जरूरी हो गई है।
सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडेय ने बताया कि क्षेत्र में गन्ना सर्वे कार्य लगातार जारी है और सर्वे से पहले किसानों को सूचना भी दी जा रही है। इस दौरान राजेश सिंह और राजेश चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।












